मुल्लांपुर दाखा 09 अप्रैल 2026 : इंडियन ओवरसीज बैंक में मैनेजर ने करोड़ों रुपए का गबन किया है। जानकारी के मुताबिक, इंडियन ओवरसीज बैंक ब्रांच बद्दोवाल में मैनेजर के पद पर तैनात पंकज पुत्र गुलशन, निवासी पटेल नगर, जींद, हरियाणा ने भी 22 फर्जी लोन करके बैंक को 3 करोड़ 90 लाख रुपये का चूना लगाया है।
इंडियन ओवरसीज बैंक सिविल लाइंस लुधियाना के सीनियर मैनेजर ने दाखा पुलिस स्टेशन में दी अर्जी में आरोप लगाया कि 13 मार्च 2026 को की गई जांच में पता चला कि इंडियन ओवरसीज बैंक ब्रांच बद्दोवाल में मैनेजर के पद पर कार्यरत पंकज ने अपने ही बैंक में अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए, बैंक में अपने साथ तैनात अपने साथी कर्मचारियों अर्चना गुप्ता (असिस्टेंट मैनेजर) और करमजीत सिंह (क्लर्क) की लॉगिन आईडी का इस्तेमाल करके, उनकी जानकारी के बिना, बिना किसी डॉक्यूमेंट के, खेती और प्रधानमंत्री योजना के 22 फर्जी लोन ट्रांसफर कर 3 करोड़ 90 लाख रुपये का गबन किया और बैंक को धोखा दिया।
थाना दाखा पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी ASI इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जालसाज पंकज फरार है। ओमान कांता के बयानों के आधार पर उसके खिलाफ धारा 318 (4), 316 (5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है और पंकज को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
