• Fri. Apr 3rd, 2026

पुणे-सोलापुर हाईवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर, भतीजे के सामने 94 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

पुणे 01 अप्रैल 2026 : एक टैंकर चालक की लापरवाही ने 94 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। पुणे-सोलापुर हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे में तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

इंदापुर पुलिस के अनुसार, यह हादसा 31 मार्च की शाम करीब 5 बजे इंदापुर तालुका के वनगली क्षेत्र में हुआ। संदीप किशोर देवकर (43) अपने चाचा प्रतापराव विठ्ठल देवकर (94) के साथ बाइक पर इंदापुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बिजवडी कारखाना पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से दूर जा गिरे। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया और घायलों की मदद के लिए नहीं रुका। इस दुर्घटना में 94 वर्षीय प्रतापराव देवकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप देवकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर इंदापुर पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक विलास नाळे के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रतापराव देवकर सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक थे और अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *