• Tue. Mar 31st, 2026

लापरवाही बनी जानलेवा! दोस्तों संग मनाली गए युवक की इलाज न मिलने से मौत

लुधियाना 31 मार्च 2026 : अपनों की बेरुखी और वक्त पर इलाज न मिलना एक परिवार के लिए उम्र भर का दर्द बन गया। मनाली में काम के सिलसिले में गए एक 36 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि घायल होने के बावजूद उसके साथ गए दोस्तों ने उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और लुधियाना लाते समय इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान मंदीप शर्मा (36) के रूप में हुई है। इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने मृतक के दोस्त अजय और रोहित के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक के भाई अमनदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंदीप शर्मा बीती 28 मार्च को अपने दो दोस्तों अजय शर्मा और रोहित वर्मा के साथ किसी काम के सिलसिले में मनाली गया था। परिजनों का आरोप है कि मनाली में प्रवास के दौरान मंदीप शर्मा को गंभीर चोट लग गई थी। कायदे से उसके दोस्तों को उसे तुरंत मनाली के नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाना चाहिए था, लेकिन आरोप है कि अजय और रोहित ने उसे वहां इलाज नहीं दिलवाया। हालत गंभीर होने पर उसे लुधियाना लाया गया।

मंदीप को 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया। लेकिन तब तक उसकी स्थिति काफी नाजुक हो चुकी थी। डॉक्टरों की कड़ी मशक्कत के बावजूद, इलाज के दौरान मंदीप ने दम तोड़ दिया।भाई के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।मंदीप के साथ गए दोस्तों से पूछताछ की जाएगी कि आखिर उन्होंने मनाली में उसे इलाज क्यों नहीं मुहैया करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *