मुरादाबाद 30 मार्च 2026 : नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ एक अप्रैल से हाईवे पर सफर करना महंगा हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे के नियामतपुर इकरोटिया और ठिरिया खेतल टोल प्लाजा के साथ ही मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे-509 स्थित मोहम्मद इब्राहिमपुर टोल प्लाजा पर नई दरें जारी कर दी हैं।
टोल प्रबंधन के अनुसार सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद दरों में औसतन तीन से पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
तीन से पांच प्रतिशत तक होगी बढ़ोतरी, मासिक पास और रिटर्न शुल्क भी बढ़ी
दिल्ली-लखनऊ हाईवे के नियामतपुर इकरोटिया टोल प्लाजा पर भी सभी श्रेणियों में बढ़ोतरी लागू की गई है। यहां कार चालकों के लिए रिटर्न शुल्क 235 से बढ़ाकर 240 रुपये कर दिया गया है, जबकि मासिक पास 5255 से बढ़कर 5390 रुपये हो गया है। बस और ट्रक चालकों को अब 510 रुपये प्रति यात्रा देने होंगे। इसी तरह चार से छह एक्सल वाले वाहनों का शुल्क 775 रुपये और ओवरसाइज वाहनों का 1000 रुपये निर्धारित किया गया है।
बसों और टैक्सी का किराया भी बढ़ेगा, आम लोगों की जेब पर ही पड़ेगा भार
ठिरिया खेतल टोल प्लाजा पर भी दरों में इजाफा किया गया है। यहां कार चालकों को अब 170 रुपये प्रति यात्रा और 255 रुपये रिटर्न शुल्क देना होगा। मासिक पास 5615 रुपये तय किया गया है। वहीं, बस और ट्रक के लिए 520 रुपये तथा भारी वाहनों के लिए 790 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। ओवरसाइज वाहनों के लिए शुल्क 1030 रुपये कर दिया गया है।
75 रुपये के बजाय 80 रुपये चुकाने होंगे
मोहम्मद इब्राहिमपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन चालकों को अब 75 रुपये के बजाय 80 रुपये चुकाने होंगे। रिटर्न यात्रा का शुल्क 120 रुपये निर्धारित किया गया है हालांकि हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बस श्रेणी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है और यह शुल्क 125 रुपये ही रहेगा। बस और ट्रक के लिए टोल 260 रुपये से बढ़ाकर 265 रुपये कर दिया गया है, जबकि चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों के लिए यह 405 से बढ़कर 415 रुपये हो गया है।
नियामतपुर इकरोटिया टोल प्लाजा – नई दरें, वाहन श्रेणी सिंगल यात्रा रिटर्न मासिक पास
- कार/जीप/वैन 160 240 5390
- एलसीवी/मिनी बस 250 375 8355
- बस/ट्रक 510 765 16965
- 4-6 एक्सल 775 1165 25900
- 7 एक्सल 1000 1500 33285
- ठिरिया खेतल टोल प्लाजा– नई दरें
- वाहन श्रेणी सिंगल यात्रा रिटर्न मासिक पास
- कार/जीप/वैन 170 255 5615
- एलसीवी/मिनी बस 260 390 8625
- बस/ट्रक 520 780 17380
- 4-6 एक्सल 790 1185 26370
- 7 एक्सल 1030 1545 34330
मोहम्मद इब्राहिमपुर टोल प्लाजा(हाईवे-509)नई दरें, वाहन श्रेणी सिंगल यात्रा रिटर्न मासिक पास
- कार/जीप/वैन 80 120 2615
- एलसीवी/मिनी बस 125 190 4225
- बस/ट्रक 265 400 8850
- 4-6 एक्सल 415 625 13875
- 7 एक्सल 505 760 16895
मोहम्मदपुर इब्राहीमपुर टोल के मैनेजर सोनू यादव ने बताया कि यह बढ़ोतरी वार्षिक संशोधन के तहत की गई है और एक अप्रैल से सभी प्लाजा पर सख्ती से लागू होगी। नई दरों का असर रोजाना यात्रा करने वाले स्थानीय लोगों और व्यापारिक वाहनों पर सबसे ज्यादा पड़ेगा।
