गोरखपुर 30 मार्च 2026 : दिल्ली आवागमन करने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से नई दिल्ली के बीच गोरखधाम के समानांतर सप्ताह में दो दिन समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन गोरखपुर से गोरखधाम एक्सप्रेस से 20 मिनट पहले छूटेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार, 05101/05102 नंबर की गोरखपुर-नई दिल्ली-गोरखपुर समर द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन गोरखपुर से 07 अप्रैल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को तथा नई दिल्ली से 08 अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को कुल 29 फेरा में किया जाएगा। इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 04, शयनयान श्रेणी
के 04 तथा वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के 12 कोच लगाए जाएंगे।
- 05101 गोरखपुर-नई दिल्ली समर स्पेशल 07 अप्रैल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को गोरखपुर से शाम 04.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन आनन्द नगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए दूसरे दिन सुबह 07:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
- 05102 नई दिल्ली-गोरखपुर समर स्पेशल 08 अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को नई दिल्ली से सुबह 09.45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंदनगर होते हुए रात 01:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
