टांडा उड़मुड़ 26 मार्च 2026 : जालंधर-जम्मू रेलवे मार्ग पर स्थित दारापुर रेलवे फाटक 25 मार्च की तय तारीख के बावजूद रेलवे विभाग द्वारा नहीं खोला गया। गौरतलब है कि विभाग ने फाटक के पास इंटरलॉक टाइलें लगाने और अन्य मरम्मत कार्यों के चलते इसे 25 मार्च तक बंद रखने का ऐलान किया था, लेकिन अब इसके 27 मार्च को खुलने की संभावना है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए स्टेशन मास्टर टांडा ब्रह्म देव ने बताया कि 15 मार्च से करीब 10 दिनों के लिए फाटक बंद रखने की योजना थी और प्रशासन को सूचित कर लोगों से सहयोग की अपील भी की गई थी। हालांकि तकनीकी कारणों के चलते अब लोगों को फाटक खुलने के लिए दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा।
लोगों और दुकानदारों में भारी रोष
दारापुर बाईपास से शहर में प्रवेश का यह मुख्य रास्ता है। इसके बंद होने के कारण वाहन चालकों को जाजा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे जाजा बाईपास और सरकारी अस्पताल चौक पर भारी जाम लग रहा है। इसके अलावा फाटक बंद रहने से टांडा के मुख्य बाजार के दुकानदारों के कारोबार पर भी बुरा असर पड़ा है। समाजसेवी संगठनों, दुकानदारों और व्यापारियों ने रेलवे विभाग से मांग की है कि फाटक को जल्द से जल्द खोला जाए।
