नई दिल्ली 25 मार्च 2026 : दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को Municipal Corporation of Delhi (MCD) द्वारा शहर में नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रमुख कार्यों और पहलों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान उपराज्यपाल ने पिछले कुछ वर्षों में किए गए प्रयासों की सराहना की, लेकिन कहा कि अभी भी काफी काम किया जाना बाकी है। उन्होंने विशेष रूप से कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, धूल नियंत्रण और नागरिकों व मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दों के त्वरित समाधान पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
फीडबैक पर काम करने की सलाह
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सलाह दी कि वे नागरिकों और मीडिया से मिलने वाले फीडबैक को सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से लें तथा जमीनी हकीकत और नागरिकों की अपेक्षाओं के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की शीर्ष नागरिक संस्था के रूप में एमसीडी के लिए यह बेहद जरूरी है।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि विभिन्न एजेंसियों के बीच अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों को बेहतर समन्वय के साथ सुलझाया जाए। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), लोक निर्माण विभाग (PWD) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (I&FCD) सहित अन्य विभागों के साथ तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
बेहतर व्यवस्था बनाने और अपनाने की अपील
उपराज्यपाल ने शहर की पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए वैश्विक स्तर की बेहतर व्यवस्थाओं और नवाचारी समाधानों को अपनाने के लिए भी अधिकारियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि इन लक्ष्यों को हासिल करने और संचालन संबंधी चुनौतियों को दूर करने में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
