मेरठ 25 मार्च 2026 : एक युवक दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप के सामने नमो भारत कारिडोर की चहारदीवारी पर चढ़ गया। इसके बाद पटरी पर कूदने के इरादे से चहारदीवारी का जाल पकड़कर लटक गया। इससे वहां अफरातफरी मच गई।
लोगों ने बामुश्किल उसे बचाया। इस दौरान भीड़ जुटने से दिल्ली रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।
बिहार के दरभंगा जिले के गांव भालपट्टी निवासी धुमनदास उर्फ रामू पुत्र गंगादास मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली रोड स्थित जगदीश मंडप के सामने पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह कुछ देर सड़क पर घूमता रहा। इसके बाद नमो भारत कारिडोर की चहारदीवारी पर चढ़कर पटरी पर कूदने के इरादे से जाल पर लटक गया। यहां पर भूमिगत कारिडोर का डाउन रैंप है, इसलिए इसकी सुरक्षा के लिए चहारदीवारी बनाई गई है।
लोगों ने दी पुलिस को सूचना, सीढ़ी लगाकर चहारदीवारी पर चढ़े
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी देर तक जाल पर लटका रहा। वह मेट्रो या नमो भारत के आने पर नीचे न कूद जाए, इसलिए कुछ लोग उसका हाथ पकड़े रहे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और सीढ़ी लगाकर चहारदीवारी पर चढ़ गए। आसपास के लोगों ने 15 मिनट मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपित को थाने ले गई।
इस मामले में थाना प्रभारी राजेश कांबोज का कहना है कि धुमनदास शाम को ही दिल्ली से आया था। वह मानसिक रूप से कमजोर है। यहां आने के बारे में वह कुछ नहीं बता रहा है।
अनुमति के अभाव में अटका नमो भारत कारिडोर के लिए केबल बिछाने का कार्य
सरधना: दिल्ली-मेरठ नमो भारत कारिडोर की विद्युत आपूर्ति से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य अनुमति के अभाव में अटका हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने एसडीएम सरधना को पत्र भेजकर 220 केवी भूमिगत केबल बिछाने की अनुमति शीघ्र दिलाने की मांग की है।
एनसीआरटीसी के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक धर्मेन्द्र मीना द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया कि मोदीपुरम स्थित निर्माणाधीन 220/33/25 केवी सबस्टेशन से यूपीपीटीसीएल ग्रिड सबस्टेशन तक 220 केवी भूमिगत केबल बिछाई जानी है। इस परियोजना का करीब 267 मीटर हिस्सा (चैनेज 895 से 628 तक) सरधना तहसील क्षेत्र में आता है।
इसके लिए प्रशासन की अनुमति अभी लंबित है। पत्र में कहा गया है कि नमो भारत कारिडोर की निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए यह कार्य आवश्यक है और इसे शीघ्र शुरू किया जाना जरूरी है। मामले में एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि एनसीआरटीसी का पत्र मिला है। अवलोकन कर नियमानुसार अनुमति दी जाएगी।
