• Tue. Mar 24th, 2026

Haryana : खेलो इंडिया में 3 मेडल जीतने वाले इंटरनेशनल एथलीट का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

सोनीपत 24 मार्च 2026 हरियाणा के खेल जगत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। चंडीगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक साथ तीन मेडल जीतकर घर लौट रहे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी फूल कंवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सोनीपत के पास रेलवे ट्रैक पर मिला है। 
 
भिवानी के रहने वाले फूल कंवर शॉटपुट और हैमर थ्रो के मंझे हुए खिलाड़ी थे। उन्होंने 1978 से 1986 के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हाल ही में चंडीगढ़ में हुए खेलो इंडिया मास्टर्स में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए तीन पदक अपने नाम किए।
सोमवार को वह कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे। परिजनों के अनुसार, उनकी आखिरी बार बात शाम को हुई थी, लेकिन जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचे और उनका फोन बंद आने लगा, तो तलाश शुरू की गई।

परिजनों का आरोप: “यह हादसा नहीं, साजिश है”
सोनीपत रेलवे पुलिस (GRP) को सूचना मिली कि ट्रैक पर एक बुजुर्ग का शव पड़ा है। शिनाख्त होने पर पता चला कि यह वही गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट हैं। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बताया कि फूल कंवर के पास उनके मेडल और जरूरी सामान वाला बैग था, जो अब गायब है। उनका मोबाइल भी बरामद नहीं हुआ है। परिवार का आरोप है कि लूटपाट के इरादे से उनकी हत्या कर उन्हें ट्रेन से नीचे फेंका गया है।

रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हम हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *