• Mon. Mar 23rd, 2026

दिल्ली : ऑटो गैंग ने दंपती से लूटे लाखों के जेवर-नकदी, पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली 23 मार्च 2026 : राजधानी में ऑटो चालकों द्वारा ठगी और चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गदाईपुर छतरपुर निवासी जय प्रकाश सिंह के साथ सामने आया, जहां शातिर ऑटो चालक ने नाटकीय अंदाज में करीब 10 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित जय प्रकाश सिंह, जो मूल रूप से मऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी के साथ लिच्छवी एक्सप्रेस से एक पारिवारिक शादी से लौट रहे थे।

सुबह करीब 4 बजे उन्होंने आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गदाईपुर जाने के लिए एक ऑटो लिया। चालक ने पहले 700 रुपये मांगे, लेकिन मोलभाव के बाद 400 रुपये में सौदा तय हुआ।

ऑटो के दोनों तरफ लगे थे पर्दे

पीड़ित के अनुसार, ऑटो में दोनों तरफ पर्दे लगे थे जिससे अंदर अंधेरा था। रास्ते में चालक ने एक अन्य व्यक्ति को भी बैठा लिया।

कुछ ही दूरी पर ऑटो चालक ने वाहन खराब होने का बहाना बनाकर उन्हें दूसरे ऑटो में बैठा दिया। दूसरे ऑटो में पहले से ही एक व्यक्ति मौजूद था और पहले ऑटो का संदिग्ध भी उसी में सवार हो गया। इस तरह ऑटो में कुल पांच लोग मौजूद थे।

प्रगति मैदान के पास पहुंचने पर दूसरा चालक सीएनजी भरवाने का बहाना बनाकर चला गया और वापस नहीं लौटा। शक होने पर दंपत्ति ने अपना सामान चेक किया, लेकिन तत्काल कुछ गड़बड़ी नजर नहीं आई। इसके बाद वे कैब से अपने घर लौट गए।

घर पहुंचकर जब बैग खोला तो उसमें रखे करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद गायब थे।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में आनंद विहार थाने पहुंचने पर उन्हें क्षेत्राधिकार का हवाला देकर मधु विहार थाने भेजा गया, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ने बताया कि जोर बाग में उनकी फूलों की दुकान है और उन्होंने मेहनत से ये गहने बनवाए थे, जिन्हें बदमाशों ने चुरा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *