14 मार्च 2026 : लेबनान ने दावा किया है कि इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी ताजा संघर्ष के दौरान इजराइली हमलों में 100 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है। यह जानकारी शुक्रवार को लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के आधार पर सामने आई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक कुल 773 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 62 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा 1,900 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
लगातार बढ़ रहा है संघर्ष
लेबनान और इजराइल के बीच हाल के दिनों में संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच सीमा क्षेत्रों में मिसाइल हमले और हवाई हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों में आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, खासकर बच्चों और महिलाओं की मौत की संख्या चिंताजनक है।
नागरिक इलाकों पर हमलों का आरोप
लेबनान सरकार का आरोप है कि कई हमले ऐसे इलाकों में भी हुए जहां आम नागरिक रहते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग घायल होने के कारण अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ गया है। दूसरी ओर इजराइल का कहना है कि उसके हमले हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं, क्योंकि हिजबुल्ला की ओर से भी लगातार रॉकेट और मिसाइल हमले किए जा रहे हैं
