पंजाब 11 मार्च 2026 : माहोली में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक विदेशी युवती की जान चली गई। घटना वीआईपी रोड जीरकपुर पर एमकेयर अस्पताल के सामने मंगलवार रात करीब 12 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही एक ऑडी कार ने पैदल सड़क पार कर रही युवती को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती कई फीट उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मावलूदा के रूप में हुई है, जो Turkey की रहने वाली बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के परिजनों से संपर्क किया है। जानकारी के मुताबिक उसकी बहन तुर्की से भारत आ रही है, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस बीच, पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर लगते ही युवती हवा में उछलकर सड़क पर गिर जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
