• Mon. Sep 28th, 2026

10वीं बोर्ड परीक्षा में नकल करते पकड़े गए छात्र, प्रशासन ने लिया सख्त एक्शन

लुधियाना 10 मार्च 2026 : सराभा नगर स्थित सरकारी हाई स्कूल में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का बड़ा मामला सामने आया है, जिसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। 

जानकारी के अनुसार, स्कूल के सुपरिटेंडेंट भूपिंदर पाल सिंह की शिकायत पर थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्टूडेंट्स पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि 09 मार्च को 10वीं कक्षा का बोर्ड पेपर चल रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात अध्यापकों की पैनी नजर दो परीक्षार्थियों पर पड़ी जो सरेआम नकल की सामग्री का सहारा ले रहे थे। 

हैरानी की बात यह है कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए पुख्ता प्रबंधों के दावे किए गए थे, लेकिन इन परीक्षार्थियों ने नियमों को ठेंगा दिखाते हुए बोर्ड के सख्त निर्देशों की सरेआम धज्जियां उड़ाईं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, उक्त परीक्षार्थियों ने बोर्ड की जारी की गई हिदायतों का उल्लंघन किया है। फ्लाइंग स्क्वाड और सुपरिटेंडेंट की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि परीक्षा की पवित्रता भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *