• Mon. Mar 9th, 2026

Good News: स्टेडियमों में महिला खिलाड़ियों के लिए नई खास सुविधाएं, ओलंपिक संघ ने किया ऐलान

बहादुरगढ़ 09 मार्च 2026 : हरियाणा में महिला खिलाड़ियों को जल्द ही नई खेल सुविधाएं मिलने जा रही हैं। हरियाणा ओलंपिक संघ प्रदेश के 100 गांव चिन्हित कर रहा है, जहां महिला खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और टॉयलेट बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं के निर्माण पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च आएगा। यह कहना है हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मीनू बेनीवाल का। मीनू बेनीवाल बहादुरगढ़ बाईपास स्थित देसी ढयानी रेस्टोरेंट पर हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री से मुलाकात करने पहुंचे थे।

पत्रकारों से बातचीत में मीनू बेनीवाल ने बताया कि प्रदेश भर के खेल स्टेडियमों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके। इस दौरान उन्होंने पूर्व की प्रदेश सरकारों पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि ग्रामीण खेल स्टेडियमों में डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड की शर्त नहीं होने के कारण उनकी हालत ज्यादा खराब हुई। अगर पहले की सरकारें सही तरीके से ध्यान देती तो आज स्टेडियमों की स्थिति ऐसी नहीं होती।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के ज्यादातर खेलों के विजेता खिलाड़ियों को कैश रिवार्ड राशि दी जा चुकी है। साथ ही उन्होंने एक अहम बात यह भी कही कि प्रदेश में एक ही खेल की कई-कई फेडरेशन काम कर रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने साफ किया कि अब सिर्फ वही खेल संघ मान्य होंगे जो हरियाणा ओलंपिक संघ और इंडियन ओलंपिक संघ से एफिलिएटेड होंगे और उन्हीं के आयोजनों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

मीनू बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर तरीके से काम कर रही है। इस दौरान हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने बताया कि  झज्जर के गांव लडरावन, सोनीपत के गांव ओलहाना गांव और जींद जिले के रामराई में प्रारंभिक तौर पर महिला खिलाड़ियों के लिए टॉयलेट और चेंजिंग रूम की व्यवस्था कर दी गयी है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *