दिल्ली 09 मार्च 2026 : बाहरी दिल्ली के नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। थाना निहाल विहार क्षेत्र में कमरुद्दीन नगर गांव मोड़ के पास डीटीसी की एक बस ने तीन राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत के रूप में हुई है। वहीं अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने एक डीटीसी बस में आग लगा दी और करीब 6 से 7 बसों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
