बटाला 09 मार्च 2026 : डयूटी से वापिस आ रहे पी.ओ स्टाफ के ए.एस.आई. के मोटर साइकिल को एक तेज रफ्तार इनोवा चालक द्वारा टक्कर मार दी गई जिसके चलते ए.एस.आई. की मौत हो गई।
इस संबंधी थाना सिविल लाइन की पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में ए.एस.आई. सुखवंत सिहं पुत्र महिन्द्र सिंह निवासी हर्शिया ने बताया कि वह पुलिस में पी.ओ. स्टाफ बटाला में तैनात है। उन्होंने कहा कि वह पी.ओ. स्टाफ के ए.एस.आई. मुखत्यार सिंह और कांस्टेबल जसपिन्द्र सिंह के साथ अपनी डयूटी के बाद थाना रंगड़ नंगल से वापिस बटाला आ रहे थे कि जब वह शेरे पंजाब ढाबे के समीप पहुंचे तो एक तेज रफ्तार इनोवा चालक ने ए.एस.आई. मुखत्यार सिंह के मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिसके चलते ए.एस.आई. मुखत्यार सिंह मोटर साइकिल सहित सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि इनोवा चालक मौके से फरार हो गया।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से ए.एस.आई. मुखत्यार सिंह को इलाज हेतु सिविल अस्पताल बटाला में दाखिल करवाया गया जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उधर दूसरी तरफ थाना सिविल लाइन की पुलिस ने ए.एस.आई. सुखवंत सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध केस दर्ज कर दिया है और अगली कार्रवाई की जा रही है।
