• Tue. Mar 10th, 2026

पानी की कटौती अलर्ट: 9 मार्च को दिल्ली के 12 इलाके प्रभावित

दिल्ली 08 मार्च 2026 :  होली का त्यौहार खत्म हो चुका है और गर्मियों के मौसम की शुरुआत हो चुकी है। लोग सड़कों पर हाफ टीशर्ट में नजर आने लगे हैं और घरों के कमरों में पंखों का चलना शुरू हो गया है। इस बीच पानी को लेकर दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से एक अहम जानकारी सामने आई है।

दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, सोमवार (9 मार्च 2026) को दिल्ली के 12 से ज्यादा इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। यानी इन इलाकों में पानी की किल्लत हो जाएगी। अगर आप इन 12 इलाकों में रहते हैं तो रविवार को ही पानी स्टोर करके रख लें।

किन 12 इलाकों में पानी की किल्लत होगी?

  1. पीतमपुरा
  2. शालीमार बाग
  3. A3 ग्रीन अपार्टमेंट पश्चिम विहार
  4. BG1/SFS पश्चिम विहार
  5. केशवपुरम
  6. लॉरेंस रोड
  7. त्रिनगर
  8. रामपुरा
  9. अशोक विहार
  10. ब्लॉक D करम पुरा
  11. 444 (लाल क्वार्टर) मादीपुर
  12. 208 (SFS) मादीपुर

इन 12 इलाकों में पानी की किल्लत होने के पीछे की क्या है वजह?

दिल्ली जल बोर्ड ने ये भी बताया है कि इन 12 इलाकों में पानी की आपूर्ति क्यों प्रभावित होगी। दिल्ली जल बोर्ड ने बताया कि अंडरग्राउंड जलाशय और बूस्टर पंपिंग स्टेशन की फ्लशिंग के सालाना प्रोग्राम की वजह से जल आपूर्ति प्रभावित होगी।

यही वजह है कि दिल्ली जल बोर्ड ने इन इलाकों से जुड़ी जनता से अपील की है कि वह रविवार को ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था करके रख लें नहीं तो उन्हें सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

फरवरी में भी कुछ इलाकों में हुई थी पानी की आपूर्ति बाधित

11 और 12 फरवरी 2026 को भी दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी। उस समय दिल्ली जल बोर्ड ने बताया था कि चंद्रावल जल शोधन संयंत्र से संबंधित पाइपलाइन की मरम्मत की वजह से कई जगहों पर पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।

जिन जगहों पर पानी का आपूर्ति बाधित रही थी, उनमें हिरणकूदना, बक्करवाला गांव और लोकनायक पुरम शामिल हैं। टिकरी गांव, मुंडका गांव, नीलवाल गांव, किशन गढ़ और महरौली स्वर्ण पार्क में भी पानी बाधित हो गया था। गौरतलब है कि दिल्ली में पानी एक बड़ा मुद्दा है, जिसके लिए आम आदमी को अक्सर संघर्ष करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *