मुंबई 06 मार्च 2026 : मुंबई महानगरपालिका की 17 में से 6 प्रभाग समिति अध्यक्ष पदों के लिए गुरुवार को चुनाव हुए। इनमें से तीन प्रभाग समितियों में भाजपा के पार्षद निर्विरोध चुने गए, जबकि अन्य तीन में शिवसेना को एक और कांग्रेस को दो अध्यक्ष पद मिले। इन चुनावों की कार्यवाही महापौर रितू तावड़े और उपमहापौर संजय घाडी की मौजूदगी में पूरी हुई।
ठाकरे गुट के उम्मीदवार की हार
एफ उत्तर और एफ दक्षिण प्रभाग समिति अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कड़ा मुकाबला माना जा रहा था। संख्या बल अधिक होने के कारण शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की उम्मीदवार श्रद्धा जाधव की जीत तय मानी जा रही थी, लेकिन अंतिम समय में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कुछ पार्षदों की गैरहाजिरी के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। शिवसेना की उम्मीदवार मानसी सातमकर ने श्रद्धा जाधव को सिर्फ एक वोट से हरा दिया।
कांग्रेस पार्षदों ने व्हिप की अनदेखी की
इस चुनाव के लिए कांग्रेस ने व्हिप जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस की पार्षद आयशा सूफियान वनू और समाजवादी पार्टी की इरम सिद्दीकी मतदान के दौरान अनुपस्थित रहीं। इससे मानसी सातमकर को भाजपा के पांच और शिवसेना के तीन मिलाकर कुल आठ वोट मिले, जबकि श्रद्धा जाधव को शिवसेना (उद्धव गुट) के छह और मनसे का एक वोट मिलाकर सात वोट मिले।
अन्य प्रभाग समितियों के नतीजे
अन्य पांच प्रभाग समितियों में भाजपा के तीन पार्षद निर्विरोध चुने गए, जबकि कांग्रेस के दो पार्षद अध्यक्ष बने। आर मध्य और आर उत्तर प्रभाग समितियों में विपक्ष ने उम्मीदवार नहीं उतारा, जिससे भाजपा के पार्षद प्रकाश दरेकर निर्विरोध चुने गए।
‘सी’ और ‘डी’ प्रभाग समितियों में भाजपा के उम्मीदवार आकाश पुरोहित के नाम का ही एकमात्र आवेदन आने से वे निर्विरोध चुने गए। वहीं आर दक्षिण प्रभाग समिति में भाजपा की लीना देहरकर भी निर्विरोध अध्यक्ष बनीं।
पी पूर्व और पी पश्चिम प्रभाग समितियों में कांग्रेस के उम्मीदवार हैदरअली असलम शेख को 10 वोट मिले और वे अध्यक्ष चुने गए। जबकि ‘ए’, ‘बी’ और ‘ई’ प्रभाग समितियों में कांग्रेस के पार्षद ज्ञानराज निकम को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया।
