• Tue. Mar 3rd, 2026

जालंधर के स्कूल में 12वीं की छात्रा की मौत मामले में पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

जालंधर 03 मार्च 2026 : शहर के सरकारी स्कूल में 12 वीं की छात्रा द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी टीचर तरनजोत कौर के खिलाफ एफ.आई.दर्ज कर ली है जबकि अन्य टीचर शिवानी फरार हैं, जिसकी तालाश की जा रही है। 

क्या है मामला 
बता दें कि गत दिवस थाना मकसूदां के अधीन आते गांव नूरपुर के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की एक छात्रा खुशप्रीत कौर (19) का शव स्कूल के ही एक कमरे में पंखे से लटका मिला। इस घटना के बाद स्कूल परिसर पुलिस छावनी में तबदील हो गया और परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि खुशप्रीत ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है या उसे इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसने यह कदम उठाया। मृतक छात्रा के पिता जरनैल सिंह ने रुंधे गले से बताया कि खुशप्रीत सुबह खुशी-खुशी घर अपना रोल नंबर लेने के लिए स्कूल गई थी। कुछ देर बाद उनके पास टीचर शिवानी के मोबाइल से फोन आया। फोन पर खुशप्रीत रो रही थी। उसने कहा कि पापा, स्कूल में मैडम मुझ पर पैसे चोरी करने का आरोप लगा रही हैं। पिता ने उसे ढांडस बंधाया और कहा कि वह स्कूल आ रहे हैं।

पिता के अनुसार इसके कुछ ही मिनटों बाद उसी नंबर से दोबारा उन्हें फोन आया। इस बार बताया गया कि जिस छात्रा ने टीचर के पर्स से पैसे चुराए थे, का पता चल गया है और वह कोई और लड़की है। लेकिन जब पिता मोहल्ले के कुछ लोगों को साथ लेकर स्कूल पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी बेटी का शव स्कूल में रखी खटिया पर पड़ा था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने खुशप्रीत के गले को देखा तो उसके गले में निशान बना हुआ था। थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव नूरपुर के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल की टीचर तरनजोत कौर के खिलाफ बायनेम बी.एन.एस. की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया तथा इस मामले में कई अन्य टीचरों को शक के घेरे में रखा तथा उनसे भी इस मामले में पूछताछ की जाएगी अगर इनमें से भी कोई टीचर की किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो उनको भी बख्शा नहीं जाएगा। थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

घटना के बाद से टीचर शिवानी फरार
पिता जरनैल सिंह और अन्य परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। पिता का कहना है कि जब चोरी किसी और ने की थी तो फिर उनकी बेटी ने आत्महत्या क्यों की? उन्होंने आरोप लगाया कि या तो उनकी बेटी पर अत्यधिक दबाव बनाया गया। परिजनों ने सवाल उठाया कि घटना के तुरंत बाद से वह टीचर शिवानी क्यों गायब है, जिसके फोन से कॉल आई थी? उन्होंने यह भी कहा कि अगर बच्ची ने सुसाइड किया है तो स्कूल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित करने के बजाय खुद ही शव को नीचे क्यों उतारा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *