02 मार्च 2026 : कात्रज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए।
यह घटना 28 फरवरी सुबह करीब 8:30 बजे कात्रज स्थित माणिक कॉम्प्लेक्स के पास हुई। पुलिस के अनुसार, भाऊरंग सोनकांबळे अपने बेटे अंश के साथ बाइक से घर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक का पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में ट्रक चालक इंद्रजीत जानते के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
कात्रज बना हादसों का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों के अनुसार, कात्रज चौक इलाके में लगातार गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले भी यहां एक युवती की मौत हुई थी। इसके बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
एक और हादसा
इसी दिन एक अन्य घटना में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर खड़े ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई, जिसमें 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
