नई दिल्ली 02 मार्च 2026 : आरोप-प्रत्यारोप के बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) होला मोहल्ला के आयोजन में व्यस्त है।
कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि संगत के सहयोग से खालसाई वीरता के प्रतीक होला मोहल्ला का आयोजन चार मार्च को निजामुद्दीन स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में मनाया जाएगा।
सुबह से लेकर सायंकाल तक गुरमत मर्यादा के अनुसार पूर्ण श्रद्धा, आदर और आध्यात्मिक उत्साह के साथ इसका आयोजन होगा।
उन्होंने कहा कि होला मोहल्ला केवल एक ऐतिहासिक दिवस नहीं, बल्कि खालसा पंथ की आध्यात्मिक शक्ति, अनुशासन, वीरता और संगठित सामर्थ्य का जीवंत प्रतीक है।
सजेंगे दीवान
इस पवित्र अवसर पर सुबह दीवान सजाए जाएंगे, गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगतों को नाम-रस से जोड़ा जाएगा तथा पंथक परंपराओं के अनुसार विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न किए जाएंगे। उन्होंने संगत से स्वजनों के साथ सहित अधिक से अधिक संख्या में इस पंथक समागम में शामिल होने का आह्वान किया है।
विरोधी नेता पंथक मुद्दों को लेकर डीएसजीएमसी पर लगातार हमला कर रहे हैं। इस बीच होल मोहल्ला व अन्य आयोजनों के माध्यम से डीएसजीएमसी संगत के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने में लगी हुई है। आने वाले दिनों में खासला सृजना दिवस सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
