• Tue. Mar 3rd, 2026

दिल्ली में 4 बड़ी योजनाओं की शुरुआत, द्रौपदी मुर्मु करेंगी लॉन्च, पिंक स्मार्ट कार्ड से फ्री LPG तक लाभ

नई दिल्ली 02 मार्च 2026 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिल्ली सरकार की चार महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ करेंगी। इनमें मुफ्त बस यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड, होली-दीवाली पर मुक्त एलपीजी गैस सिलेंडर, दिल्ली लखपत बिटिया योजना और मेरी पूंजी मेरा अधिकार योजना शामिल है। कार्यकाल का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में दिल्ली की भाजपा सरकार इस आयोजन को करने जा रही है। इस कार्यरक्रम को सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली नाम दिया गया है।

मफ्त बस यात्रा के लिए स्मार्ट पिंक कार्ड

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार पिंक कार्ड से दिल्ली की महिला निवासी डीटीसी की बसों में फ्री में यात्रा कर सकेंगी, साथ ही मेट्रो, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और दूसरे सार्वजनिक सेवा वाहनों में पैसा खर्च कर यात्रा के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस स्कीम के तहत, तीन तरह के मोबिलिटी कार्ड जारी किए जाएंगे।

कार्ड को दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में मौजूदा आटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा और पिंक कार्ड फ्री दिया जाएगा, जिसका खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। कार्ड जारी करने के लिए डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट और सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट ऑफिस और कुछ चुनी हुई डीटीसी जगहों सहित लगभग 50 सेंटर बनाए जाएंगे।

दिल्ली लखपति बिटिया योजना

‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है। पूर्व में सरकार द्वारा प्रत्येक पात्र बालिका के नाम पर अस्पताल में जन्म होने पर 11,000 रुपये और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपये जमा किए जाते थे। इसके अतिरिक्त कक्षा एक, छह और नौवीं में प्रवेश, कक्षा दसवीं उत्तीर्ण करने तथा कक्षा बारह में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपये की राशि जमा की जाती थी।

यह संचित राशि ब्याज सहित 18 वर्ष की आयु में निकाली जा सकती थी। अब नई योजना में बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे और ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता मूल्य एक लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है।

होली और दीवाली पर दो फ्री एलपीजी सिलेंडर

इस आयोजन में राष्ट्रपति होली और दीवाली के मौके पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड रखने वाले परिवारों को सालाना दो फ्री एलपीजी सिलेंडर देने की स्कीम को भी लांच करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक इसका फायदा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के ज़रिए दिया जाएगा।

दिल्ली सरकार की ओर एक बयान में कहा गया है कि एक एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर रकम परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक अकाउंट में जमा की जाएगी, जिसके नाम पर राशन कार्ड जारी किया गया है। इस स्कीम से लगभग साढे 17 लाख राशन कार्ड रखने वाले परिवारों को कवर करने की उम्मीद है।

लाडली बिटिया को मिलेगा ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’

दिल्ली लाडली योजना के तहत 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये काे डिजिटल तरीके से उनके खाते में डाले जाएंगे, जो काफी समय से अपनी परिपक्वता राशि प्राप्त नहीं कर पाई थीं। यह राशि ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ के तहत प्रदान की जाएगी।

वर्ष 2008 में शुरू की गई दिल्ली लाडली योजना का उद्देश्य बालिका के जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ावों पर संरचित वित्तीय सहायता के माध्यम से लैंगिक असमानताओं को दूर करना था। परिपक्वता राशि, अर्जित ब्याज सहित, डीबीटी माध्यम से सीधे आधार से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता, दक्षता और लाभार्थियों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *