लुधियाना 02 मार्च 2026 : लुधियाना में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। ताजा मामला बीआरएस नगर में सामने आया है जहां रात के अंधेरे में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में थाना सराभा नगर पुलिस ने राजन मंडल की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीआरएस नगर के रहने वाले राजन मंडल ने पुलिस बयान में बताया है कि दरमियानी रात को वह अपने परिवार समेत घर में गहरी नींद सो रहा था। रात करीब 3:30 बजे जब अचानक उसकी आंख खुली तो घर का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि कमरे में रखी अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी में रखी एक लाख की नकदी, सोने-चांदी के कीमती गहने और चांदी के सिक्के चोरी करके फरार हो गए। चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि परिवार को भनक तक नहीं लगी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
