• Sun. Mar 1st, 2026

योगी सरकार की बड़ी पहल: पूरे यूपी के लिए नई सुविधाओं की घोषणा

उत्तर प्रदेश 01 मार्च 2026 :उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि उत्तर प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) द्वारा शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ जल्द ही एमओयू साइन किया जाएगा। प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल में पहले से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। वहां मिल रहे सकारात्मक परिणामों को देखते हुए सरकार ने इस सुविधा का विस्तार पूरे प्रदेश में करने का निर्णय लिया है। 

ये सुविधाएं भी मिलेगी
स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से आयुष्मान कार्ड धारकों को काडिर्योलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, नि:शुल्क जांच और गंभीर रोगियों के लिए मुफ्त परिवहन (पिक एंड ड्रॉप) की सुविधा भी दी जा रही है। अब एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों का उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इससे प्रदेश में योजना के तहत पैनल्ड अस्पतालों की संख्या में और वृद्धि होगी।

MOU के बाद अस्पतालों को योजना के पोटर्ल से जोड़ा जाएगा
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आवश्यक प्रक्रियाओं को आयुष्मान योजना के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। एमओयू के बाद अस्पतालों को योजना के पोटर्ल से जोड़ा जाएगा, जिससे उपचार, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके। सरकार की इस पहल से सेना क्षेत्र के आधुनिक चिकित्सा संसाधनों का लाभ आम नागरिकों को भी मिलेगा। साथ ही गंभीर और जटिल बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा सुलभ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *