• Sun. Mar 1st, 2026

सीएम आज कुरुक्षेत्र में करेंगे HPV वैक्सीनेशन अभियान और कृषि विकास मेले का उद्घाटन

हरियाणा 28 फरवरी 2026 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र दौरे पर रहेंगे। अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा में वे प्रदेश स्तरीय निशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपीलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह विशेष अभियान किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है।

एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है और कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करती है। अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक तथा 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की किशोरियों को निशुल्क वैक्सीन लगाई जाएगी।वैक्सीनेशन से पूर्व अभिभावकों की लिखित सहमति ओटीपी के माध्यम से ली जाएगी। टीकाकरण के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा जाएगा, जिसके जरिए डिजिटल प्रमाण-पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। यह विशेष अभियान तीन महीने तक चलेगा। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ स्कूलों में भी टीकाकरण किया जाएगा।

कृषि विकास मेले का भी करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री लाडवा की अनाज मंडी में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कृषि विकास मेले का भी उद्घाटन करेंगे। प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे इस मेले में कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर उपायुक्त विश्रामकमार मीणा ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर बताया कि मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उन्नत किस्म के बीज, आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों के खेतों की मिट्टी व पानी की जांच, रोगग्रस्त फसलों का परीक्षण, फसल प्रतियोगिता, गृह विज्ञान से जुड़ी जानकारी तथा कृषि विशेषज्ञों के साथ प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। यह मेला किसानों को आधुनिक खेती की दिशा में प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *