• Wed. Feb 25th, 2026

पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

गुरदासपुर 25 फरवरी 2026 :  गांव आदियां स्थित पुलिस चौकी में होमगार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर ली है।

इस बीच, आज तड़के सुबह पुराना शाला इलाके में पुलिस और मुख्य आरोपी रणजीत सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान गोली लगने से रणजीत की मौत हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे क्षेत्र में सख्त नाकाबंदी की गई है। वहीं  पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में गांव आदियां के दो युवक रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह तथा गांव आलिनंगल का दिलावर सिंह शामिल है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भारत-पाकिस्तान सीमा से महज एक किलोमीटर दूर आदियां चौकी में तैनात ए.एस.आई. गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का पता तब चला जब डोरांगला थाने के एसएचओ द्वारा बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गांव के सरपंच ने मौके पर जाकर खून से लथपथ शव देखे। हालांकि सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नामक संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल इस दावे को संदिग्ध मान रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *