• Sun. Feb 15th, 2026

सिद्धू मूसेवाला के पिता ने जताया गम, बोले- जो साथ थे, आज नहीं दिखाई दे रहे

15 फरवरी 2026 : मरहूम गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा है कि जब सिद्धू मूसेवाला संगीत के शिखर पर थे तो अनेकों लोग व साथी उनके साथ थे और उससे अपना नाम जोड़ रखा था। ऐसे लोग आज ढूंढने से भी नहीं मिल रहे हैं, दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोग निजी जरूरत को अपना हक समझते रहे तथा उनके नाम से अपनी पहचान जोड़ते रहे, लेकिन आज वह इंसाफ लेने के समय चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेते, लेकिन ये सच है कि हम जिसे दुख व हादसे में गंवा देते हैं, उसके बाद ही लोगों की असलियत सामने आती है। मुश्किल वक्त में बदले हुए लोग बेशक, जितने चाहे अच्छे हों, लेकिन दिल उतर जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मानसा एसएसपी दफ्तर के बाहर जो कुछ हुआ, उसकी कोई योजना नहीं थी, वह सबकुछ अचानक हुआ। कुछ लोगों ने वहां तथा विदेश से भी उनका सहयोग कर रहे हैं, जो आज भी उनके साथ खड़े हैं, ऐसे लोगों पर उन्हें गर्व है, जिनकी हिम्मत व सहयोग से वह अपने पुत्र के लिए इंसाफ लेने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों के हमेशा आभारी रहेंगे, जिन्होंने आज तक भी उनका साथ नहीं छोड़ा है। बलकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि वह इंसाफ लेकर रहेंगे और सिद्धू मूसेवाला की अमानत को कभी भी मिटने नहीं देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *