अमृतसर/चंडीगढ़ 09 फरवरी 2026 : डेरा ब्यास के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल रेलवे विभाग की ओर से फरवरी और मार्च महीने के दौरान डेरा ब्यास के लिए 4 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, लखनऊ, सहारनपुर और अंबाला से चलाई जाएंगी।
निजामुद्दीन–ब्यास ट्रेन दिल्ली से ब्यास के लिए रवाना होगी। 20 मार्च को सहारनपुर से चलने वाली ट्रेन अंबाला में रुकेगी और 22 मार्च को इसकी वापसी होगी। इसी तरह 27 मार्च को सहारनपुर से चलने वाली ट्रेन 29 मार्च को वापस लौटेगी। निजामुद्दीन–ब्यास स्पेशल ट्रेन दिल्ली के रेलवे स्टेशन से 26 मार्च को रवाना होगी और 29 मार्च को इसकी वापसी होगी। वहीं ब्यास से लखनऊ के लिए भी एक स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी को चलाई जाएगी।
रेलवे विभाग की ओर से यह फैसला श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए लिया गया है, क्योंकि फरवरी और मार्च के महीनों में डेरा ब्यास में होने वाले भंडारों में दूर-दूर से संगत पहुंचती है और उन्हें यात्रा के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फरवरी–मार्च में डेरा ब्यास के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
