06 फरवरी 2026 : राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, गुरुवार देर रात 1 बजकर 9 मिनट पर सिक्किम के ग्यालशिंग इलाके में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई, जिसे मध्यम श्रेणी का भूकंप माना जाता है।
देर रात अचानक आए भूकंप के कारण लोग बुरी तरह घबरा गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। झटके महसूस होते ही चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे को सुरक्षित जगह पर जाने के लिए कहने लगे।
भूकंप का डर इतना ज्यादा था कि ज्यादातर लोग देर रात तक अपने घरों के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और बाहर ही बैठे रहे। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बता दें इससे पहले गत मंगलवार को कोलकाता और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए गए थे। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई थी। भूकंप का मुख्य केंद्र म्यांमार के सितवे (Sittwe) के पास स्थित था। यह जगह येनांगयांग से 95 किमी पश्चिम में स्थित है और बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से लगभग 200 किलोमीटर की दूरी पर है। रात के समय अचानक आए इन झटकों की वजह से कोलकाता की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग घबराकर खुले मैदानों की ओर भागने लगे।
