• Wed. Feb 4th, 2026

सावधान! केसर गंज मंडी में डिजिटल ठगी, 8 किलो ड्राई फ्रूट्स लेकर ठग फरार

लुधियाना 04 फरवरी 2026 डिजिटल इंडिया के दौर में जहां पेमेंट करना आसान हुआ है, वहीं शातिर ठगों ने भी ठगी के नए-नए रास्ते निकाल लिए हैं। ताजा मामला केसर गंज मंडी की मशहूर ‘माधव राघव ड्राई फ्रूट एंड करियाना शॉप’ से सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने न केवल दुकानदार का भरोसा जीता, बल्कि अपनी मीठी बातों और फर्जी तकनीक के जाल में फंसाकर करीब 8500 रुपये के कीमती ड्राई फ्रूट्स लेकर रफूचक्कर हो गया।

यह पूरी वारदात 2 फरवरी की दोपहर करीब 4 बजे की है। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी एक बाइक पर सवार होकर आया था। दुकान में घुसते ही उसने खुद को एक पुराना और वफादार ग्राहक बताया। ठग इतना शातिर था कि उसने दुकानदार के साथ रेट कम कराने को लेकर काफी देर तक मोलभाव भी की, ताकि किसी को जरा भी शक न हो कि वह ठगी के इरादे से आया है। करीब 15 मिनट तक दुकान में रुककर उसने बड़े आराम से नौकर से पानी मांगा और अपनी बातों के जाल में सबको उलझाए रखा।

ठग ने बड़े सलीके से 2 किलो काजू, 2 किलो बादाम, 2 किलो पिस्ता और 2 किलो अंजीर पैक करवाई। जब करीब 8500 रुपये का बिल बना, तो उसने अपने मोबाइल में एक फर्जी ऐप के जरिए ‘पेमेंट सक्सेसफुल’ का स्क्रीनशॉट तैयार किया और दुकान के कर्मचारी को दिखा दिया। कर्मचारी ने स्क्रीनशॉट पर भरोसा कर लिया और उसे सामान ले जाने दिया। ठग के जाने के काफी देर बाद जब मालिक ने अपना बैंक खाता चेक किया, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि खाते में एक रुपया भी नहीं आया था। जब उसने सीसीटीवी चेक किया तो दुकान में लगे कैमरों ने इस पूरी ‘डिजिटल लूट’ की पोल खोल दी है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने किस तरह बड़ी चालाकी से भुगतान का नाटक किया और सामान लेकर चंपत हो गया। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना थाना साइबर क्राइम की पुलिस को दे दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस फर्जी ‘पुराने ग्राहक’ की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर व्यापारियों को सतर्क कर दिया है कि बिना मैसेज और बैंक अकाउंट चेक किए किसी भी स्क्रीनशॉट पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *