• Tue. Jan 27th, 2026

BMC चुनाव 2026: मुंबई में कड़ा मुकाबला, शुरुआती रुझान सामने आए

मुंबई 16 जनवरी 2026 : मुंबई महानगरपालिका चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बना ली है। भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना 13 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 10 सीटों पर आगे है और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस ने भी 4 सीटों पर खाता खोल लिया है। ऐसे में बीएमसी चुनाव में महायुति और ठाकरे बंधुओं के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

सुबह 10 बजे मतगणना शुरू होने के बाद पहले आधे घंटे के रुझानों के अनुसार भाजपा 14 और शिवसेना 13 सीटों पर आगे रही। कुल मिलाकर महायुति 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि ठाकरे बंधुओं की युति 15 सीटों पर आगे दिख रही है।

गुरुवार को हुए मतदान के बाद आज आने वाले नतीजों पर मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र की नजरें टिकी हुई हैं। मुंबई में कुल 227 वार्ड हैं, जहां करीब 1700 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। मतदान प्रतिशत धीरे-धीरे बढ़ता गया—सुबह 9:30 बजे तक 6.98 फीसदी, 11:30 बजे तक 17.73 फीसदी और दोपहर 3:30 बजे तक 41 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे तक मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचते रहे, जिसके चलते कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा-शिवसेना की महायुति मुंबई महानगरपालिका में सत्ता हासिल कर सकती है। ‘एक्सिस माय इंडिया’ के अनुमान के अनुसार 227 सीटों में से महायुति को 131 से 151 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि ठाकरे बंधुओं की युति को 58 से 68 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस-वंचित आघाड़ी को 12 से 16 और अन्य को 6 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *