• Sat. Jan 10th, 2026

IMD अलर्ट: 11 जनवरी तक कई राज्यों में भारी बारिश, मौसम बिगड़ने का अनुमान

09 जनवरी 2026 : देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नई चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कहीं शीतलहर और घना कोहरा रहेगा, तो कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी, जबकि दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में बने Deep Depression (गहरा निम्न दबाव) की वजह से तेज बारिश की आशंका है।

मौसम विभाग ने क्या जानकारी दी?

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे जुड़े पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर क्षेत्र में बना गहरा निम्न दबाव (Deep Depression) लगातार मजबूत बना हुआ है। यह सिस्टम पिछले 6 घंटों में करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

IMD के मुताबिक, 8 जनवरी 2026 सुबह 8:30 बजे (IST) यह सिस्टम श्रीलंका के हंबनटोटा से करीब 410 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से लगभग 980 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 36 घंटों तक इसी दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और 9 जनवरी 2026 की शाम या रात को श्रीलंका के तट को हंबनटोटा और कालमुनई (Kalmunai) के बीच पार कर सकता है।

बारिश को लेकर क्या है अनुमान?

IMD के अनुसार 8 से 11 जनवरी के बीच तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 10 जनवरी को केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय इलाकों में तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें भी उठ सकती हैं, जिससे मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ठंड और कोहरे को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक अगले 5 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत,मध्य भारत और उत्तर-पूर्व भारत के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।

शीतलहर (Cold Wave) की स्थिति: अगले 2 दिनों तक झारखंड,ओडिशा,छत्तीसगढ़,पूर्वी मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश, जबकि अगले 3 दिनों तक राजस्थान,पंजाब,हरियाणा और चंडीगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *