• Sun. Jan 11th, 2026

राज्य में बढ़ी ठंड, तापमान गिरा; अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठिठुरन

मुंबई 07 जनवरी 2026 : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। तापमान में आई गिरावट का असर अब महाराष्ट्र में भी साफ दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, हरियाणा और झारखंड समेत कई उत्तरी राज्यों में नई शीत लहर की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत की ठंड का असर विदर्भ में महसूस होने लगा है और यहां ठंड की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।

गोंदिया में इस मौसम का सबसे कम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। धुले और नागपुर में भी तापमान में गिरावट आई है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड बने रहने की संभावना है। वहीं, पुणे में पिछले तीन दिनों से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे शहरवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक पुणे का मौसम सामान्य रहने की संभावना है, हालांकि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है।

नागपुर का पारा 7.6 डिग्री पर
विदर्भ में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। नागपुर में तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि गोंदिया में राज्य का सबसे कम 7 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा वर्धा में 8.4 डिग्री, अमरावती में 9.3 डिग्री और ब्रह्मपुरी में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। विदर्भ में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बुलढाणा और यवतमाल में 15-15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पिछले कुछ दिनों से विदर्भ में बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई थी और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि ठंड के कम होने के संकेतों के बीच तापमान में गिरावट का अनुमान जताया गया था, जो सही साबित हुआ। मंगलवार सुबह से ही ठंडी हवाओं का असर महसूस होने लगा। विदर्भ समेत मध्य भारत के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक विदर्भ में न्यूनतम तापमान कम ही रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *