पुणे 17 दिसंबर 2025 : पुणे के प्रमुख पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच चर्चा का एक दौर हो जाने के बावजूद गठबंधन और उम्मीदवारों को लेकर बना पेंच अब तक नहीं सुलझ पाया है। इसी वजह से आज, बुधवार को मुंबई में एक बार फिर बैठक होने वाली है।
भाजपा में इच्छुक उम्मीदवारों की संख्या काफी ज्यादा है। खासतौर पर कोथरूड, शिवाजीनगर, कसबा, पुणे कैंटोनमेंट और खडकवासला विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों ने शहर भाजपा नेताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोथरूड में तो इच्छुकों की कतारें लग गई हैं और उन्हें समझाना नेताओं के लिए चुनौती बन गया है।
इसी बीच उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस में ‘इनकमिंग’ शुरू हो गई है। पिंपरी-चिंचवड़ के कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं ने राष्ट्रवादी का दामन थाम लिया है और पुणे में भी ऐसी ही स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर आज पुणे के प्रमुख नेताओं की बैठक तय है। इससे पहले नागपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ और उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील के साथ बैठक हो चुकी है। माना जा रहा है कि आज की बैठक में सर्वसम्मति वाले उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
‘एबी फॉर्म’ देर से मिलने की संभावना
महानगरपालिका चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 30 दिसंबर है। ऐसे में विवादित सीटों पर आखिरी दो दिनों में ही ‘एबी फॉर्म’ दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। अन्य दलों की रणनीति भांपने और उम्मीदवारों की तोड़फोड़ से बचने के लिए एबी फॉर्म देने में देरी की परंपरा इस चुनाव में भी जारी रहने की बात कही जा रही है।
पार्टी प्रवेश होंगे, लेकिन कब?
खडकवासला, वडगांव शेरी, कोथरूड, पर्वती और हडपसर विधानसभा क्षेत्रों से महाविकास आघाड़ी और राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेता भाजपा में शामिल होने की तैयारी में हैं। चर्चा है कि फडणवीस ने फिलहाल तीन बड़े नेताओं के पार्टी प्रवेश को लेकर संयम बरतने की सलाह दी है। भाजपा की रणनीति है कि इन नेताओं को अभी अपने-अपने दल से ही चुनाव लड़ने दिया जाए। इसके अलावा दर्जनभर अन्य संभावित पार्टी प्रवेशों पर भी आज की बैठक में फैसला हो सकता है।
