• Fri. Dec 5th, 2025

चुनाव पर सवाल पूछना पड़ा महंगा, लखनऊ में डॉक्टर की बेरहमी से पिटाई

लखनऊ 18 नवंबर 2025 यूपी की राजधानी लखनऊ में एक डेंटिस्ट को बिहार चुनाव के नतीजों पर चर्चा करना महंगा पड़ गया। बीजेपी की सीटों का आंकड़ा पूछने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें जमकर पीटा और दांत से उनका अंगूठा काट लिया। अगले दिन आरोपी ने शराब पीकर दोबारा गाली-गलौज की। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने डेंटिस्ट की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चंद्र प्रकाश समेत उसके साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। 

तफ्सील से जानें पूरा घटनाक्रम 
पूरी घटना लखनऊ के चिनहट इलाके में शनिवार रात करीब 8 बजे हुई। चिनहट थाना क्षेत्र के निजामपुर में रहने वाले श्रवण कुमार तिवारी मल्हौर में अपना डेंटल क्लीनिक चलाते हैं। डॉक्टर अपना क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे थे। तभी उनका एक परिचित रास्ते में मिल गया। दोनों के बीच बिहार चुनाव को लेकर सामान्य बातचीत शुरू हो गई। इसी दौरान डेंटिस्ट ने परिचित से बीजेपी को मिली सीटों के बारे में पूछ लिया। बात अभी चल ही रही थी कि क्लीनिक के ठीक बगल में स्थित मेडिकल स्टोर के मालिक चंद्र प्रकाश यादव अचानक बाहर आए और डॉक्टर पर डंडे से हमला कर दिया। चंद्र प्रकाश के कुछ साथियों ने भी डॉक्टर को घेरकर पिटाई शुरू कर दी। इस हमले में श्रवण कुमार बुरी तरह घायल हो गए। आरोप है कि चंद्र प्रकाश ने गुस्से में डॉक्टर का अंगूठा तक दांत से काट लिया। 

पुरानी रंजिश में मारपीट
घटना की सूचना मिलते ही चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल डॉक्टर श्रवण तिवारी ने बताया कि चंद्र प्रकाश यादव ने उनसे कुछ महीने पहले 50 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर आरोपी धमकियां देता था। इसके अलावा डॉक्टर अपने मरीजों को आसपास की दूसरी दुकानों से दवाएं लिखते थे, जबकि चंद्र प्रकाश की दुकान से नहीं। इसी बात की जलन में चंद्र प्रकाश ने डेंटिस्ट पर हमला कर दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यही पुरानी रंजिश इस घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है। बिहार चुनाव तो सिर्फ बहाना था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *