चंडीगढ़, 11 नवंबर 2025 : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने आज व्यापार सुधार कार्य योजना (बी.आर.ए.पी.) 2024 के तहत पंजाब को “टॉप अचीवर” पुरस्कार से सम्मानित किया है।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित समारोह के दौरान यह पुरस्कार पंजाब को प्रदान किया।
गौरतलब है कि पंजाब ने भारत में पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्रों — बिजनेस एंट्री, निर्माण परमिट प्राप्ति, निवेश सुविधा, क्षेत्र-विशेष स्वास्थ्य देखभाल और सेवाओं — में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) ने बी.आर.ए.पी. 2024 के तहत पंजाब को “टॉप अचीवर” के रूप में मान्यता दी है। यह सम्मान पारदर्शी, कुशल और निवेशक-अनुकूल व्यावसायिक माहौल प्रदान करने के प्रति पंजाब की दृढ़ प्रतिबद्धता को उजागर करता है और कारोबार करने में आसानी के क्षेत्र में राज्य की अग्रणी स्थिति की पुष्टि करता है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी नेतृत्व में पंजाब लगातार औद्योगिक विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उद्योग-पक्षी नीतियों, पारदर्शी शासन और निवेश-अनुकूल माहौल के कारण राज्य में भारी निवेश आकर्षित हो रहा है। पंजाब के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा दिया है। मार्च 2022 में मान सरकार के सत्ता में आने के बाद से अब तक पंजाब को ₹1.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 4.7 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, हैंड टूल्स, साइकिल, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति के चलते पंजाब अन्य राज्यों के लिए एक रोल मॉडल बनकर उभरा है।
सरकार की निवेश-प्रोत्साहक नीतियों के चलते पंजाब जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यूएई, स्विट्ज़रलैंड, फ्रांस और स्पेन जैसे विकसित देशों से निवेश आकर्षित कर रहा है। राज्य सरकार के ठोस प्रयासों से पंजाब न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
इसके अलावा, राज्य अब कारोबार करने में आसानी (Ease of Doing Business) के मामले में अग्रणी स्थान पर है। पंजाब सरकार का “फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल” भारत का सबसे उन्नत सिंगल-विंडो सिस्टम बन गया है, जो ऑफलाइन आवेदनों की आवश्यकता को पूरी तरह समाप्त करते हुए 150 से अधिक व्यावसायिक सेवाएँ प्रदान करता है।
