पुणे 10 नवंबर 2025 : पुणे के अपराध जगत में सक्रिय नीलेश घायवळ गैंग का फरार सदस्य जयेश कृष्णा वाघ को अखेर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुणे क्राइम ब्रांच की टीम ने ठाणे जिले के टिटवाला इलाके से उसे दबोचा। कोथरूड में हुई गोलीबारी के बाद वाघ लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ मोक्का के तहत मामला दर्ज था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने टिटवाला के पास कोंडारी नामक आदिवासी बस्ती में छापा मारा, जहां जयेश वाघ भेष बदलकर रह रहा था। ठाणे में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने कल्याण इलाके में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।
जयेश वाघ नीलेश घायवळ गैंग का महत्वपूर्ण सदस्य है, जिस पर संगठित अपराध विरोधी कानून (मोक्का) के तहत कई केस दर्ज हैं। पुणे पुलिस इस गैंग की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। हाल ही में कोथरूड गोलीकांड में 17 आरोपियों पर मोक्का के तहत कार्रवाई की गई है।
पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शहर से संगठित अपराध खत्म करने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं, जिन्हें इन गैंगों के आर्थिक स्रोतों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इन गिरोहों की अवैध संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मामलों की भी जांच कर रही है।
नीलेश घायवळ, गजानन मारणे, बंडू आंदेकर और टिपू पठान जैसी कुख्यात गैंगों के नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है, जिससे शहर की अपराधी दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है।
