लुधियाना 08 नवंबर 2025 : जसंवत नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अस्पताल की एक महिला कर्मचारी के घर दिन-दिहाड़े चोरी हो गई। चोरों ने घर का ताला तोड़ भीतर घुसकर सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ममता ने बताया कि वह कैंसर अस्पताल में कर्मचारी है। रोज की तरह सुबह वह और उनका परिवार ड्यूटी पर चले गए थे। दोपहर करीब 2 बजे उनकी बेटी काम से घर लौटी तो उसने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। जैसे ही वह अंदर पहुंची तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घबराई हुई बेटी ने तुरंत उसे फोन कर सूचना दी जिसके बाद वह अस्पताल से छुट्टी लेकर फौरन घर पहुंची और देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोर अलमारी में रखे सोने के गहने एक किटी सैट, 2 रिंग, 2 टॉप्स और एक चेन लेकर फरार हो गए।
इसके अलावा अलमारी से 70 हजार रुपए नकद भी गायब थे जो उसने बच्चों की फीस भरने के लिए कमेटी से जुटाए थे। उसने बताया कि गहनों की कीमत करीब 4 लाख रुपए है। चोरी की यह वारदात सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक नौजवान युवक घर की गली से आराम से बाहर जाता दिखाई दे रहा है। परिवार को उसी पर शक है। उधर, सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार किया जाएगा।
