• Fri. Dec 5th, 2025

मेट्रो 1 यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब सीधे उबर ऐप से मिलेगा मेट्रो टिकट, जानें कैसे होगा पेमेंट

मुंबई 06 नवंबर 2025 : मुंबईवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मुंबई मेट्रो लाइन-1 का टिकट सीधे उबर ऐप पर खरीदा जा सकेगा। यह सुविधा मुंबई में पहली बार शुरू की गई है। इससे पहले उबर ने यही सेवा दिल्ली और चेन्नई में शुरू की थी।

इस सुविधा से यात्रियों को अब मेट्रो टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टिकट खरीदना आसान होगा और पूरा प्रोसेस एक ही ऐप पर पूरा किया जा सकेगा। यह सुविधा उबर, मुंबई मेट्रो वन और ONDC नेटवर्क की साझेदारी में शुरू की गई है।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

अंधेरी-घाटकोपर मेट्रो रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब काफी राहत मिलेगी। उबर ऐप पर टिकट बुकिंग से उनका समय बचेगा और यात्रा अनुभव अधिक सुगम होगा।
उबर इंडिया और साउथ एशिया के डायरेक्टर (कंज्यूमर ग्रोथ) शिव शैलेन्द्रन ने कहा,

“मुंबई में उबर ऐप पर मेट्रो टिकट सेवा शुरू करना हमारे लिए एक बड़ा कदम है। इससे यात्रियों को कम प्रतीक्षा करनी पड़ेगी, यात्रा पर अधिक नियंत्रण मिलेगा और शहरी सफर को सहज बनाया जा सकेगा।”

ONDC के सीनियर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नितिन नायर ने भी कहा,

“उबर ऐप पर ONDC नेटवर्क के जरिए मेट्रो टिकट की सुविधा जोड़ना दिखाता है कि भारत का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को कितनी आसानी से पूरा कर रहा है। दिल्ली और चेन्नई के बाद अब मुंबई में भी यह कदम डिजिटल सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करेगा।”

कैसे करें पेमेंट?

मेट्रो टिकट की खरीदारी के लिए भुगतान सिर्फ UPI के माध्यम से किया जा सकेगा। इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।
जल्द ही उबर ऐप यात्रियों को रियल-टाइम अपडेट्स, स्टेशन की जानकारी और रूट प्लानिंग टूल्स भी उपलब्ध कराएगा, जिससे यात्रा और भी आसान और प्रभावी बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *