चंडीगढ़ 03 नवंबर 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक 21 दिनों तक आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष गीता उपदेश को 5163 वर्ष पूरे हो रहे हैं। गीता जयंती का आयोजन इस बार न केवल भारत में, बल्कि टोक्यो (जापान) में भी किया गया है, जो गीता के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि “गीता के ज्ञान से हर व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ सकता है। पूरा विश्व अब गीता की वाणी से जुड़ रहा है। महोत्सव में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।” इस बार मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य के रूप में भाग लेगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में 16 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
ब्रह्मसरोवर पर रोज होगा भव्य आयोजन
सैनी ने बताया कि महोत्सव के दौरान ब्रह्मसरोवर पर प्रतिदिन भव्य गीता महाआरती का आयोजन होगा। साथ ही विभिन्न भाषाओं में श्रीमद्भगवद गीता की प्रदर्शनी, गीता प्रतियोगिताएं और 1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेला भी आयोजित किया जाएगा। बलराम कुश्ती दंगल भी महोत्सव का हिस्सा रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचकर महोत्सव में भाग लेंगे।
प्रारंभिक कार्यक्रम 4 नवंबर से
मुख्य कार्यक्रमों से पहले कई आयोजन 4 नवंबर से शुरू होंगे। इनमें 4 से 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज, 15 नवंबर को ‘गीता रन’, और 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिल्प एवं सरस मेला शामिल हैं। रोजाना सायं पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या व महाआरती का आयोजन होगा।
मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक
महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेंगे। इस दौरान हरियाणा पवेलियन, पुस्तक मेला, प्रदर्शनी, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार होगा। 24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, सर्वधर्म सम्मेलन, और ज्योतिसर एवं सन्निहित सरोवर में गीता पाठ के कार्यक्रम होंगे।
25 से 30 नवंबर तक विश्वविद्यालय में सेमिनार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, और शिक्षा विभाग द्वारा गीता श्लोकोच्चारण, वाद-विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, तथा सायं सन्निहित सरोवर और ब्रह्मसरोवर पर दीपोत्सव और महाआरती होगी।
दुनिया के 40 देशों तक पहुंचेगा संदेश
विदेश मंत्रालय की पहल पर इस बार गीता महोत्सव के कार्यक्रम 40 से ज्यादा देशों में आयोजित होंगे। इनमें प्रदर्शनी और गीता पाठ जैसे आयोजन शामिल हैं। कुरुक्षेत्र में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी विश्वभर में देखा जा सकेगा। 15 से अधिक देशों के 25 स्कॉलर भी महोत्सव में भाग लेंगे और गीता के उपदेश अपने देशों तक पहुंचाएंगे।
