• Fri. Dec 5th, 2025

सिकंदर मामले पर सुळे का खुलासा, सीएम को किया था फोन

मुंबई 03 नवंबर 2025 : पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र के नामी पहलवान सिकंदर शेख विवादों में आ गए हैं। राजस्थान के कुख्यात पपला गुर्जर गैंग से संबंध और अवैध हथियार तस्करी के आरोप में पंजाब पुलिस ने सिकंदर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और देशभर के अखाड़ों में अपनी ताकत और प्रतिभा से पहचान बनाने वाले सिकंदर को फंसाने की साजिश का शक भी जताया जा रहा है।

इसी मामले में राष्ट्रवादी शरदचंद्र पवार पार्टी की सांसद सुप्रिया सुळे और विधायक रोहित पवार ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत की है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सुप्रिया सुळे ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ पहलवान सिकंदर शेख के मामले में मेरी और विधायक रोहित पवार की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात हुई है। उन्होंने इस प्रकरण की पूरी जानकारी लेकर दोपहर तक हमें अपडेट देने का आश्वासन दिया है।”

वहीं, रोहित पवार ने सिकंदर को फंसाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सिकंदर शेख एक प्रतिभाशाली पहलवान है, जिसने अपनी मेहनत से कुश्ती में अलग पहचान बनाई है। उसके अपराध की दुनिया में जाने की बात पर हमें विश्वास नहीं है। संभव है कि उसकी बढ़ती लोकप्रियता से जलकर किसी ने उसे फंसाने की साजिश रची हो। महाराष्ट्र सरकार को पंजाब सरकार से बात कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सिकंदर के साथ अन्याय न हो। अन्यथा यह एक मराठी पहलवान के साथ नाइंसाफी होगी। सुप्रियाताई के माध्यम से हम सकारात्मक समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।”

क्या है पूरा मामला?
सोलापुर जिले के मोहोळ तालुका के निवासी सिकंदर शेख समेत चार लोगों को पंजाब की सीआईए टीम ने मोहाली से अवैध हथियार तस्करी मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दानवीर और बंटी नामक दो संदिग्ध 24 अक्टूबर को एसयूवी में दो हथियार लेकर मोहाली पहुंचे थे, जिन्हें आगे सिकंदर शेख को देना था। इन हथियारों को कृष्ण उर्फ हैप्पी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सिकंदर पर थी। अब यह जांच का विषय है कि वाकई सिकंदर इस तस्करी में शामिल था या उसे गलत तरीके से फंसाया गया है — इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *