• Sat. Mar 14th, 2026

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में अब OPD पर्ची और रिपोर्ट पर डॉक्टर के हस्ताक्षर अनिवार्य

चंडीगढ़ 02 नवंबर 2025: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सरकारी अस्पतालों में सेवारत सभी डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे ओ.पी.डी. पर्चियों, लैब रिपोर्टों और उनके द्वारा लिखी जाने वाली दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन पर अपने हस्ताक्षर करें। उन्होंने सभी प्रिस्क्रिप्शन में दवाइयों के जैनेरिक नाम बड़े और स्पष्ट अक्षरों में लिखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने इस व्यवस्था का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में एक पत्र सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी भेजा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आम तौर पर यह पाया गया कि कई डाक्टर प्रिस्क्रिप्शन में दवाइयों के जैनेरिक नाम नहीं लिख रहे हैं और ओ.पी.डी. पर्चियों व लैब रिपोर्टों पर डाक्टरों की मोहर और नाम अंकित नहीं किए जा रहे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को दी जाने वाली लैब रिपोर्टों पर भी डॉक्टर का नाम, पद व रजिस्ट्रेशन नंबर होना अनिवार्य होगा। आरती सिंह राव ने कहा कि इन निर्देशों का तुरंत प्रभाव से पालन किया जाए। ये निर्देश राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता बढ़ाने और मरीजों के हित में जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *