• Tue. Jan 27th, 2026

रत्नागिरी में दो दिन तक तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट

रत्नागिरी 28 अक्टूबर 2025 : दिवाली के बाद से कोकण में हर शाम जोरदार बारिश हो रही है। समुद्र में भी तूफान जैसी स्थिति बन गई है। इस बारिश से कोकण के किसानों और मछुआरों को भारी नुकसान हुआ है। अब मुंबई क्षेत्रीय मौसम विभाग ने रत्नागिरी जिले के लिए एक बार फिर यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक के लिए जारी किया गया है। इस दौरान जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और आपातकालीन विभाग के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। दिवाली के बाद भी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे किसान वर्ग काफी परेशान है। कोकण की बड़ी अर्थव्यवस्था आम और काजू की बागानों पर निर्भर करती है। बारिश लंबी खिंचने से आम उत्पादक भी चिंतित हैं, क्योंकि इससे आम के फूल आने में देरी और नई पालवी (कोपलें) निकलने का खतरा बढ़ गया है। इससे इस साल आम का सीजन लंबा खिंचने की आशंका जताई जा रही है।

मुंबई क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, रत्नागिरी जिले में 27 से 29 अक्टूबर 2025 के बीच यलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली कड़कने के समय सावधानी बरतें, किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और मौसम की जानकारी भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट https://mausam.imd.gov.in/ से प्राप्त करें। किसी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष (02352) 222233 / 226248 या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *