पुणे 20 अक्टूबर 2025 : आईटी हब के रूप में प्रसिद्ध हिंजवड़ी इलाके में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के करीबी धनंजय विनोदे के बेटे अजिंक्य विनोदे पर रविवार दोपहर को जानलेवा हमला हुआ। यह घटना इलाके में सनसनी मचा गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजिंक्य विनोदे हिंजवड़ी के पुराने जकात नाका इलाके में स्थित ‘बेलबॉटम’ नामक होटल में किराए की वसूली के लिए गए थे। इसी दौरान उनका किराएदारों से विवाद हो गया और देखते ही देखते हालात बिगड़ गए। गुस्साए किराएदारों ने अजिंक्य पर पिज़्ज़ा कटर, कांटे-चम्मच और सीमेंट ब्लॉक जैसी वस्तुओं से हमला कर दिया। इस हमले में अजिंक्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस जांच में अब तक सुमित सदाशिव, विकी तीपाले, अथर्व शिंदे, गौतम कांबळे, बंटी ठाकरे और समाधान नामक छह आरोपियों की पहचान हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से कुछ पर पहले भी अपराध दर्ज हैं और उनके खिलाफ तडीपारी की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और हिंजवड़ी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 109, 189, 191 और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हमले के पीछे व्यक्तिगत या आर्थिक विवाद कारणों की जांच जारी है।
चूंकि अजिंक्य विनोदे उपमुख्यमंत्री अजित पवार के करीबी धनंजय विनोदे के पुत्र हैं, इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। हिंजवड़ी जैसे आईटी हब में दिनदहाड़े हुए इस हमले ने कानून और व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है।
