• Fri. Dec 5th, 2025

पूर्व विदर्भ में बाढ़ का कहर, भंडारा में स्कूल बंद

भंडारा 25 जुलाई 2025 : पूर्व विदर्भ के कई जिलों में मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। गडचिरोली, चंद्रपुर और गोंदिया जिलों में लगातार बारिश से नदियों और नालों में बाढ़ आ गई है। भंडारा जिला प्रशासन ने भारी बारिश की आशंका के चलते आज (शुक्रवार) स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।

बाढ़ में बहा ग्रामसेवक, सुरक्षित बचाव
गडचिरोली जिले में एक ग्रामसेवक उमेश धोडरे कार सहित नाले के बहाव में बह गए थे, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें बचा लिया गया। आलापल्ली में कुछ घरों में पानी घुस गया, जिससे 64 लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है।

चंद्रपुर में रेड अलर्ट, बसों में फंसे छात्र रेस्क्यू
विरुर नाले के बाढ़ में चंद्रपुर जिले में दो बसें फंस गई थीं। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से 60 स्कूली बच्चों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने चंद्रपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

गोंदिया में पूर्व जिला परिषद सदस्य के बेटे की मौत
गोंदिया के सालेकसा तालुका में एक माजी जिल्हा परिषद सदस्य के बेटे टिकेश मडावी की नाले के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई।

अमरावती में मेळघाट घाट पर भूस्खलन
अमरावती जिले के मेळघाट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण धारणी, अकोट, और बेलकुंड मार्गों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिससे यातायात बाधित हुआ।

मौसम विभाग की चेतावनी:
मौसम विभाग ने 25-26 जुलाई को विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली, और चंद्रपुर में रेड अलर्ट, नागपुर और वर्धा में ऑरेंज अलर्ट, तथा पश्चिम विदर्भ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। नागरिकों से सतर्क रहने और यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *