जालंधर 09 जुलाई 2025 : पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील रिंकू की एक फिर मेहनत रंग लाई है, उनकी मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जालंधर में पी.ए.पी. चौक के पास आर.ओ.बी. निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए रिंकू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा था। इस आर.ओ.बी. के बनने से जालंधर समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने बताया कि पी.ए.पी. चौक में लंबे समय से लंबित प्रस्तावित आर.ओ.बी. के निर्माण के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस आर.ओ.बी. के निर्माण के लिए संबंधित महकमे के अफसरों को निर्देश दिया है। इस आर.ओ.बी. के लिए रिंकू ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गडकरी से व्यक्तिगत तौर पर मिलकर इसे बनाने की मांग रखी थी।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने बताया कि पी.ए.पी. चौक पर आर.ओ.बी. बनने से जालंधर से अमृतसर जाने वाले लोगों को रामामंडी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अभी जालंधर से अमृतसर को जाने के लिए पी.ए.पी. की बजाय लोगों को रामामंडी जाना पड़ता है, फिर वहां से नैशनल हाईवे पर चढ़ना पड़ता है। इससे लंबी दूरी के साथ ईंधन और समय का नुकसान होता है। पी.ए.पी. के पास आर.ओ.बी. के बनने से हाजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
