• Mon. Oct 26th, 2026

पंजाब में रजिस्ट्री करवाने वालों को राहत, सरकार का बड़ा फैसला

बठिंडा 01 जुलाई 2025 : आम लोगों को नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ‘आसान रजिस्ट्री’ प्रणाली शुरू कर रही है, जिसकी प्रक्रिया 48 घंटे के भीतर पूरी हो जाएगी। यह जानकारी डी.सी. ने वसीका नवीस व वकीलों के साथ बैठक में दी। उन्होंने कहा कि अब आम लोगों को दफ्तरों में परेशान नहीं होना पड़ेगा और न ही एजैंटों या बिचौलियों से निपटना पड़ेगा, क्योंकि अब शुरू से लेकर अंत तक की हर जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होगी और यह व्यवस्था तेज और पारदर्शी होगी। इस परियोजना के शुरू होने के बाद लोगों को अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए स्थानीय सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जाने की बजाए जिले के किसी भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हैल्पलाइन नंबर 1076 के माध्यम से सेवा सहायकों को घर पर बुलाकर भी दस्तावेज तैयार किए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, कामकाजी पेशेवरों और जो लोग बाहर नहीं जा सकते, उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि नई प्रणाली के तहत लोगों को रजिस्ट्री के लिए दस्तावेज जमा करवाने, प्रवानगी, भुगतान तथा कार्यालय आने का समय जैसी सभी जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से मिलेगी, ताकि वे पल-पल की जानकारी से अवगत हो सकें। उन्होंने कहा कि लोगों को पंजीकरण शुल्क जमा करने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन भुगतान के लिए विशेष गेटवे से नागरिक सभी शुल्कों का भुगतान डिजिटल लेनदेन में कर सकेंगे, जिससे बैंकों में आकर डिमांड ड्राफ्ट बनवाने की जरूरत नहीं होगी और नकदी होने से सुरक्षा की चिंता भी नहीं करनी पड़ेगी। यदि किसी को रजिस्ट्री से संबंधित कोई शिकायत है तो वह व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक से रिश्वत की मांग की जाती है तो वह व्हाट्सएप लिंक के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज करा सकता है और रिश्वत मांगने वाले अधिकारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की नवीनतम जानकारी भी प्राप्त कर सकेगा। इस अवसर पर ए.डी.सी. जनरल पूनम सिंह के अलावा जिले से संबंधित वसीका नवीस व अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *