• Fri. Dec 5th, 2025

पंजाब की सिख संगत को बड़ी राहत, वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म

चंडीगढ़ 01 जुलाई 2025 : पंजाब की सिख संगत के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, आदमपुर से मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान 2 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस नई सेवा का स्वागत राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने किया है। उन्होंने इसे विशेष रूप से सिख संगत के लिए एक महत्वपूर्ण और लंबे समय से प्रतीक्षित कदम बताया है।

संधू ने कहा कि यह सिर्फ एक नई उड़ान नहीं है, बल्कि यह सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने वाला ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने बताया कि पहले पंजाब से तख़्त सचखंड श्री हज़ूर साहिब (नांदेड़) तक पहुंचना विशेषकर बुज़ुर्ग श्रद्धालुओं के लिए काफी कठिन था, क्योंकि यहां से कोई सीधी हवाई सेवा नहीं थी। उन्होंने बताया कि यह मांग वे लगातार संसद और केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गुरुघरों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उड़ान जैसी योजनाओं से यह साफ़ होता है कि केंद्र सरकार सिख समुदाय की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है।

इससे पहले भी आदमपुर से नांदेड़ साहिब के लिए उड़ानें शुरू की जा चुकी थीं और अब आदमपुर से मुंबई के लिए यह नई सीधी उड़ान सिख संगत के लिए एक और बड़ी सौगात है। संधू ने कहा कि इस उड़ान का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि देश के छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोडऩे का भी है। यह पंजाब के लोगों के लिए एक बेहतरीन पहल है, जिससे राज्य का हवाई संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि उड़ान प्रोजेक्ट के तहत अब तक पंजाब के चार हवाई अड्डे – आदमपुर, बठिंडा, लुधियाना और पठानकोट – कार्यशील हो चुके हैं। इस नई उड़ान से पंजाब के कारोबारियों और आम यात्रियों को भी बड़ा लाभ होगा, क्योंकि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और व्यापारिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र भी। आदमपुर-मुंबई के बीच यह सीधा संपर्क पंजाब के कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों को मुंबई के बंदरगाहों से जोडऩे में मदद करेगा, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *