पंजाब ,26 फरवरी 2025 : पंजाब सरकार द्वारा 500 वर्ग गज तक के प्लॉटों और बिना एन.ओ.सी. रजिस्ट्री योजना के तहत अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की रजिस्ट्रियों की अंतिम तिथि 28 फरवरी तय की गई है। अब सिर्फ तीन दिन शेष रहने के कारण डेराबस्सी तहसील में रजिस्ट्री करवाने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। स्थिति यह है कि 28 फरवरी तक के सभी 153 ऑनलाइन स्लॉट पहले ही फुल हो चुके हैं।
स्लॉट न मिलने के कारण लोग नाराज हो रहे हैं और सरकार से समय सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, डेराबस्सी क्षेत्र में कई कॉलोनाइजरों ने बिना किसी मंजूरी के अवैध कॉलोनियां विकसित कर दी थीं, जिससे सरकार और आम लोगों को करोड़ों का नुकसान हुआ। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए भगवंत मान सरकार ने रजिस्ट्रियों के लिए एन.ओ.सी. की अनिवार्यता लागू की थी और अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की रजिस्ट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी थी।
जानकारी के मुताबिक, डेराबस्सी तहसील में 150 सामान्य स्लॉट और 3 तात्कालिक स्लॉट (5000 रुपये शुल्क) उपलब्ध थे, जो अब 28 फरवरी तक पूरी तरह बुक हो चुके हैं। जबकि अब भी हजारों लोग अपने प्लॉट की रजिस्ट्री करवाना चाहते हैं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि इस योजना की समय सीमा बढ़ाई जाए।