• Fri. Dec 5th, 2025

चुनाव के बाद CM मान का पहाड़ियों में आराम

होशियारपुर 11 फरवरी 2025 : दिल्ली विधान सभा चुनाव में लंबी व्यस्तता के उपरांत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बीती सायं होशियारपुर-चिंतपूर्णी रोड की पहाड़ियों पर स्थित फॉरैस्ट विभाग के रैस्ट हाऊस पहुंचे। यहां डी.सी. कोमल मित्तल, एस.एस.पी. सुरेन्द्र लांबा तथा फॉरैस्ट विभाग के कंजर्वेटर डा. संजीव तिवाड़ी ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रात को पहाड़ी इलाकों में भ्रमण किया तथा फारैस्ट रैस्ट हाऊस में ही उन्हें डिनर परोसा गया। रात्रि विश्राम भी उन्होंने वहीं किया। आज सुबह पहाड़ी इलाके में सैर के उपरांत मुख्यमंत्री ने फारैस्ट विभाग द्वारा वहां तैयार की गई 3 हट्स का अवलोकन किया तथा साडा पिंड रैस्तरां की भी जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री ने कंजर्वेटर डा. संजीव तिवाड़ी द्वारा पर्यटन के दृष्टिगत विकसित किए जा रहे प्रोजैक्टों की सराहना की। आज दोपहर 2.30 बजे के करीब लंच के उपरांत वे यहां से रवाना हुए। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. पवन कुमार तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

आज पंजाब के मुख्यमंत्री , मंत्रियों व विधायकों से मिलेंगे केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मंत्रियों तथा विधायकों की बैठक 11 फरवरी को दिल्ली में बुला ली है जिसमें दिल्ली के चुनावी नतीजों पर मंथन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर केजरीवाल ने पंजाब के सभी सांसदों, मंत्रियों व विधायकों की ड्यूटियां विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लगाई थी। दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा और भाजपा ने आसानी से बहुमत हासिल कर लिया। कल होने वाली बैठक में केजरीवाल द्वारा मंत्रियों व विधायकों से फीडबैक लिया जाएगा कि आखिर जनता ने आम आदमी पार्टी को वोट क्यों नहीं दिया या फिर हम अपनी बात मतदाताओं तक रखने में असफल रहे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दिल्ली में रोजाना रोड शो निकाले थे। आम आदमी पार्टी के नेता पंजाब में सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच में रख रहे थे।

पार्टी नेताओं का मानना है कि इस बैठक में पंजाब में आम आदमी पार्टी को मजबूती देने के पक्ष में भी विचार-विमर्श हो सकता है। पंजाब में फरवरी 2027 में विधानसभा के आम चुनाव होने हैं। दिल्ली में चुनावी नतीजों के बाद पार्टी नेतृत्व पंजाब को लेकर ज्यादा चौकस हो गया है। अगले 2 वर्षों का रोडमैप तैयार करने के विषय में भी बातचीत होगी। आम आदमी पार्टी पंजाब में 2022 में सत्ता में आई थी और उसने 117 सीटों में से 92 सीटें जीती थीं। केजरीवाल द्वारा बुलाई गई बैठक का एक उद्देश्य यह भी है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को पूरी तरह से एकजुट रखा जाए। पंजाब में सरकार की कार्यशैली को और तेज बनाने के विषय पर भी चर्चा होगी। लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस ने 7 और आम आदमी पार्टी ने 4 सीटें जीती थीं। 2 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती थी। इसलिए सरकार तथा पार्टी को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में भी केजरीवाल द्वारा फीडबैक लिया जाएगा। बैठक में पंजाब में शहरी व मध्यम वर्गीय मतदाताओं को आम आदमी पार्टी के साथ जोड़ने के विषय पर भी विचार विमर्श होगा क्योंकि यह कहा जा रहा है कि मध्यम वर्गीय मतदाता जो शहरों में रहते हैं वह आम आदमी पार्टी से दूर हुए हैं। इससे लेकर भी शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों पर तेजी लाने के विषय पर विचार-विमर्श हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *